आयुर्वेदिक लाइफस्टाइल में भोजन को सिर्फ पेट भरने का जरिया नहीं, बल्कि शरीर और मन के संतुलन का साधन माना गया है। यह प्राचीन भारतीय चिकित्सा प्रणाली तीन दोषों वात, पित्त और कफ के संतुलन पर आधारित है और मौसम, शरीर की प्रकृति और पाचन शक्ति के अनुसार भोजन लेने की सलाह देती है। ऐसे ही एक शक्तिशाली आयुर्वेदिक ड्रिंक का नाम है हल्दी वाला दूध, जिसे “गोल्डन मिल्क” भी कहा जाता है। इसे रात को सोने से पहले पीने की परंपरा बहुत पुरानी है और इसके पीछे कई वैज्ञानिक और आयुर्वेदिक कारण हैं। आइए जानते हैं रात को हल्दी वाला दूध पीने के 10 बड़े फायदे।
बेहतर नींद के लिए फायदेमंद
हल्दी वाला दूध शरीर को शांत करता है। दूध में मौजूद ट्रिप्टोफैन नामक अमीनो एसिड मेलाटोनिन और सेरोटोनिन हार्मोन को बढ़ाता है, जो गहरी नींद में सहायक होते हैं। वहीं हल्दी की सूजन कम करने वाली एंटी इंफ्लेमेटरी गुण तंत्रिका तंत्र को शांत करती है।
जोड़ों और मांसपेशियों को हेल्दी रखे
हल्दी में पाया जाने वाला करक्यूमिन एक शक्तिशाली एंटी इंफ्लेमेटरी कंपाउंड है। यह मांसपेशियों के दर्द, जोड़ो की अकड़न और थकान को कम करता है। दिन भर की मेहनत के बाद हल्दी वाला दूध पीना शरीर को आराम देता है।
इम्यूनिटी बढ़ाए
हल्दी में एंटीबैक्टीरियल, एंटीवायरल और एंटीसेप्टिक गुण होते हैं। रात में इसका सेवन शरीर के प्राकृतिक हीलिंग प्रोसेस को बढ़ाता है और संक्रमण से लड़ने की ताकत देता है।
पाचन तंत्र को मजबूत करे
गुनगुना दूध और हल्दी मिलकर पाचन क्रिया को दुरुस्त करते हैं। यह गैस, अपच, और सूजन जैसी समस्याओं में राहत देता है। यह रात के समय पाचन तंत्र को शांत करता है और अगले दिन के लिए पेट को तैयार करता है।
प्राकृतिक डिटॉक्स का काम करे
हल्दी का सेवन लिवर को एक्टिव करता है और शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालता है। रात में हल्दी वाला दूध पीने से शरीर की डिटॉक्स प्रक्रिया तेज होती है और अंदरूनी सफाई बेहतर होती है।
ब्लड शुगर कंट्रोल करे
हल्दी में करक्यूमिन इंसुलिन की कार्यक्षमता को बेहतर बनाता है और शुगर लेवल को संतुलित रखने में मदद करता है। यह डायबिटीज़ या प्रीडायबिटिक लोगों के लिए खासतौर पर उपयोगी है।
त्वचा पर चमक लाए
हल्दी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा की सूजन को कम करते हैं और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से लड़ते हैं। इससे त्वचा चमकदार और हेल्दी बनती है। यह हार्मोन संतुलन में भी मदद करता है, जिससे मुंहासों जैसी समस्याएं दूर होती हैं।
तनाव और चिंता को कम करे
हल्दी और गर्म दूध का मिश्रण मानसिक तनाव को कम करने में मदद करता है। यह कोर्टिसोल (तनाव हार्मोन) को नियंत्रित करता है और मन को शांत करता है, जिससे नींद की गुणवत्ता भी बेहतर होती है।
सांस की समस्याओं में राहत
हल्दी की एंटीबैक्टीरियल और एंटीवायरल विशेषताएं सर्दी, खांसी और कफ में राहत देती हैं। गले की खराश, जुकाम और साइनस की समस्या में गर्म हल्दी वाला दूध पीना काफी आरामदायक होता है।
हृदय को रखता है सुरक्षित
हल्दी रक्त वाहिकाओं में सूजन को कम करती है, ब्लड सर्कुलेशन को सुधारती है और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में मदद करती है। यह दिल को मजबूत बनाने में सहायक है और लंबे समय तक हृदय रोगों से सुरक्षा देती है।