Amla(gooseberry) Juice In Hindi: गर्मियों का मौसम अपने साथ अनेक समस्याएं लेकर आता है। इस मौसम में आमतौर पर डिहाइड्रेशन, थकान, और हीट स्ट्रोक जैसी स्वास्थ्य समस्याएं होना एक आम बात है। इस सीजन में शरीर पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को कम करने के लिए जीवनशैली में विशेष रूप से आहार संबंधी बदलाव जरूरी हो जाते हैं। ऐसे समय में लिक्विड, ठंडे और पौष्टिक पदार्थों का सेवन शरीर को भीतर से स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होता है। आंवला जूस एक ऐसा प्राकृतिक ड्रिंक है, जो न केवल शरीर को ठंडक प्रदान करता है, बल्कि अनेक मायनों में सेहत के लिए फायदेमंद भी है। आइए जानें, क्यों इस गर्मी में आंवला जूस को अपनी डाइट में शामिल करना फायदेमंद होता है।
इम्यूनिटी बढ़ाए
आंवला विटामिन C का एक सबसे अच्छा स्रोत है, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। गर्मी के मौसम में संक्रमणों का खतरा अधिक रहता है, क्योंकि अधिक तापमान के कारण बैक्टीरिया और वायरस तेज गति से फैलते हैं। आंवला जूस का नियमित सेवन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है और सामान्य सर्दी, खांसी तथा अन्य मौसमी बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है।
पाचन ठीक रखे
गर्मी के मौसम में पाचन तंत्र पर एक्स्ट्रा दबाव पड़ता है, जिससे एसिडिटी, अपच और पेट फूलने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। आंवला जूस प्राकृतिक रूप से पाचन को सुधारने वाला पेय है। यह पेट की गर्मी को शांत करता है, अम्लता को कम करता है और भोजन के पाचन में सहायक एंजाइम्स को सक्रिय करता है। इसके सेवन से आंतों की कार्यक्षमता बढ़ती है और पाचन संबंधी समस्याओं से राहत मिलती है।
(Gooseberry)डिहाइड्रेशन से बचाए
गर्मी में शरीर में पानी और आवश्यक खनिज तेजी से कम होते हैं, जिससे डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। आंवला जूस में अधिक मात्रा में पानी के साथ-साथ प्राकृतिक लवण और विटामिन C भी प्रचुर मात्रा में मौजूद होते हैं, जो शरीर को हाइड्रेटेड बनाए रखते हैं। इसके अलावा, इसकी शीतल प्रकृति शरीर के भीतरी तापमान को संतुलित करने में सहायक होती है और गर्मी में सूजन तथा जलन को कम करती है।
एनर्जी लेवल बढ़ाए
अधिक गर्मी के कारण शरीर में सुस्ती और थकान आम समस्याएं बन जाती हैं। आंवला जूस एक प्राकृतिक एनर्जी बूस्टर ड्रिंक है। इसके सेवन से शरीर में ताजगी और स्फूर्ति बनी रहती है। आंवला में मौजूद पोषक तत्व शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करते हैं, जिससे दिन भर सक्रियता और उत्साह बना रहता है।
त्वचा को सुरक्षा प्रदान करे
गर्मी में त्वचा पर सूर्य की हानिकारक किरणों का प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, जिससे सनबर्न, ड्राईनेस और समय से पहले झुर्रियाँ आ सकती हैं। आंवला जूस में मौजूद शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाते हैं। यह त्वचा को भीतर से पोषण प्रदान करता है और नमी बनाए रखता है।
गर्मियों में आंवला जूस पीने से आपको सेहत से जुड़ी विभिन्न समस्याएं नहीं होंगी। यह आपको स्वस्थ और एक्टिव रखने में मदद कर सकता है। इसलिए नियमित रुप से आंवला जूस का सेवन करना चाहिए।
1 comment
Good blog on gooseberry.